Breaking News

सुनील शेट्टी की दी हुई जींस से बदल गई थी सलमान खान की किस्मत, आज भी संभाल कर रखे हैं भाईजान

नई दिल्ली: बॉलीवुड के दबंग सलमान खान के पास आज भले ही बंगला, गाड़ी, नेम-फेम, मनी सब कुछ है। लेकिन एक वक्त ऐसा भी था जब उनके पास न ढंग के कपड़े थे और ना ही पैसे। सलमान खान उस समय एक्टिंग में आने के लिए कोशिशें कर रहे थे। तभी एक बार उन्हें सुनील शेट्टी ने एक जींस दिलाई और इसके बाद भाईजान की किस्मत ही बदल गई। आइये जानते हैं आगे की कहानी।

सलीम खान के बेटे सलमान खान को एक्टिंग का काफी शौक था और वो बॉलीवुड में ही अपना करियर बनाना चाहते थे। लेकिन उस समय सलीम खान सलमान की पढ़ाई के प्रति लापरवाही देखते हुए उनसे खफा रहते थे, इसलिए जब बारहवीं पास करने के बाद सलमान ने पिता के सामने एक्टिंग को चुनने की इच्छा जताई तो वो और भी नाराज हो गए।

दरअसल सलीम खान लेखक बनने से पहले एक्टर बनने की असफल कोशिश कर चुके थे इसलिए इस पेशे के खतरे को वो बखूबी समझते थे। उन्होंने सलमान के एक्टिंग की ख्वाहिश कोई खास तवज्जो नहीं दी और उन्हें एक्टिंग के बजाय किसी निर्देशक का असिस्टेंड बन जाने की सलाह दी। लेकिन सलमान कहा मानने वाले थे, पिता की बात को टालकर उन्होंने एक्टर बनने के लिए स्ट्रगल शुरू कर दिया।

पिता के मर्जी के खिलाफ जाने से सलमान को उनके रुतबे का कोई फायदा नहीं ही मिलना था। लेकिन सलमान के दोस्त मोहनीश बहल, कुमार गौरव और सुनील शेट्टी ने उनका साथ दिया और उनकी मदद की। कुमार गौरव उन दिनों स्टार बन चुके थे और उस समय बॉलीवुड के सबसे अमीर माने जाने अभिनेता राजेंद्र कुमार के एकलौते बेटे थे। वहीं, सुनील शेट्टी भी फिल्मों में नाम कमाने के साथ बिजनेस में उतर चुके थे।

वहीं, सलमान ऑडिशन के लिए स्टूडियो-दर-स्टूडियो का चक्कर लगाते रहते थे, लेकिन उनके पास अच्छे कपड़े नहीं होने की वजह से हर जगह से निराशा हाथ आती थी। एक बार सलमान कुछ पैसे लेकर बांद्रा स्थित एक स्टोर में कपड़े खरीदने पहुंचे। वो स्टोर सुनील शेट्टी का था।

सलमान को एक जींस पसंद आई लेकिन काफी महंगी थी। उतने पैसे सलमान खान के पास नहीं थे। निराश हो कर जब सलमान स्टोर से बाहर निकलने लगे तो सुनील शेट्टी ने उन्हें बुलाया और वो जींस उन्हें तोहफे में दे दी। दरअसल इस समय हम जानते हैं कि सुनील और सलमान अच्छे दोस्त हैं, लेकिन उस समय सुनील शेट्टी सलमान को ज्यादा पहचानते नहीं थे, लेकिन जिस जिम में सलमान जाते थे उसी जिम में सुनील शेट्टी भी जाया करते थे। बस दोनों के बीच इतनी ही जान-पहचान थी।

इसलिए जब उन्होंने सलमान को अपने स्टोर में निराश देखा तो उन्होंने सलमान को वो जींस गिफ्ट में दे दी। इसी जींस को पहन कर सलमान ने फिल्म ‘बीबी हो तो ऐसी’ का ऑडिशन दिया था। जिसमें वो सेलेक्ट हो गए। ये फिल्म चल पड़ी थी। फिल्म में रेखा जैसी अभिनेत्री और फारुख शेख जैसे मशहूर एक्टर थे और इस फिल्म के बाद से सलमान की किस्मत बदल गई। सलमान खान ने आज भी ये जींस अपने वार्डरोब में संभाल कर रखी है।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal
Read The Rest:patrika...

No comments