Breaking News

जनता दल यूनाइटेड बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का जन्मदिन विकास दिवस के रूप में मनाएगी, तैयारी भी शुरू कर दी

नई दिल्ली।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का जन्मदिन इस बार उनकी पार्टी बड़े स्तर पर मनाने की तैयारी कर रही है। नीतीश की पार्टी जनता दल यूनाइटेड उनका जन्मदिन विकास दिवस के रूप में मनाएगी। पार्टी नेताओं ने इसकी तैयारी भी शुरू कर दी है। दिलचस्प यह है कि नीतीश कुमार का जन्मदिन सिर्फ बिहार ही नहीं बल्कि, देश के दूसरे कुछ राज्यों में भी धूमधाम से विकास दिवस के रूप में मनाया जाएगा।

दरअसल, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का जन्मदिन 1 मार्च को है। उस दिन इसे विकास दिवस के रूप में मनाने की तैयारी हो रही है। जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह यानी रामचंद्र प्रसाद सिंह के अनुसार, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को विकास पुरूष के नाम से भी जाना जाता है, इसलिए उनके जन्मदिन को पार्टी के सभी कार्यकर्ता विकास दिवस के रूप में मनाएंगे।

जनता दल यूनाइटेड की ओर से इसे बूथ स्तर से लेकर देशभर में मनाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए बूथ स्तर पर, प्रखंड स्तर पर, जिला स्तर पर और राज्य स्तर पर अलग-अलग टीम बनाई गई है। इसके अलावा अन्य राज्यों में कार्यक्रम आयोजित करने के लिए भी खास टीम तैयार की गई है।

आरसीपी सिंह के अनुसार, पार्टी के कार्यकर्ता बूथ स्तर पर अपने नेता का जन्मदिन मनाने की तैयारी में जुट गए हैं। उस दिन सभी नीतीश कुमार के दीर्घायु होने की कामना करेंगे। इसके अलावा जिन और राज्यों में संगठन सक्रिय है, वहां भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आरसीपी सिंह के मुताबिक, नीतीश कुमार ने अपने सेवा काल में बिहार की तरक्की के लिए काफी काम किया है। आगे और भी बहुत कुछ किया जाना है। उनके सभी प्रयासों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal
Read The Rest:patrika...

No comments