Weather Forecast: दिल्ली में लुढ़केगा पारा, उत्तर भारत में शीतलहर को लेकर जारी हुआ ऑरेंज अलर्ट
नई दिल्ली। देशभर में मौसम का मिजाज ( Weather forecast ) लगातार सर्द हो रहा है। बारिश का दौर खत्म होने के बाद एक बार फिर बर्फीली हवाओं ने अपने पैर पसारने शुरू कर दिए हैं। राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत में हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में तीन डिग्री तक तापमान गिरने का अनुमान है, जबकि उत्तर भारत में एक बार फिर शीतलहर का प्रकोप लोगों की परेशानी बढ़ाएगा।
आईएमडी ने उत्तर भारत में शीतलहर को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिन पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तरी राजस्थान में कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार हैं। जबकि वहीं उत्तर पश्चिमी भारत के हिस्सों में 4 से 5 दिनों तक घने को हरे का कहर देखने को मिलेगा।
16 जनवरी तक और बढ़ेगी ठंड
उत्तर भारत के ज्यादातर इलाकों में इन दिनों सर्दी का सितम जारी है। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले तीन दिनों तक कई राज्यों में ठंड में और इजाफा होगा। उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में ठंड और बढ़ने के आसार बने हुए हैं। इन हिस्सों में शीतलहर भी तेजी से चलेगी।
इनमें पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, यूपी के कुछ हिस्से, मध्य प्रदेश और राजस्थान शामिल हैं।
तापमान में हो रही गिरावट के बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने उत्तरी मैदानी क्षेत्रों के वास्ते अगले चार दिनों के लिए शीतलहर के पूर्वानुमान के साथ ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
छाया रहेगा घना कोहरा
शुष्क उत्तरी/ उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलते उत्तर-पश्चिम भारत के ज्यादातर हिस्सों में अगले चार-पांच दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रहने की संभावना है।
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ हिस्सों में और उत्तर प्रदेश, उत्तरी मध्य प्रदेश एवं राजस्थान में छिटपुट स्थानों पर अगले तीन दिन शीत लहर/ तेज शीतलहर चलने की संभावना है। अगले चार दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिमी भारत में छिटपुट स्थानों पर सामान्य से घना कोहरा छाया रह सकता है।
दिल्ली में बढ़ेगा सर्दी का सितम
राजधानी दिल्ली में एक बार फिर शीतलहर के चलते सर्दी का सितम बढ़ने के आसार बने हुए हैं। इसके साथ हा घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है। सिस्टम ऑफ एयर क्वालिटी एंड वेदर फोरकास्टिंग एंड रिसर्च के मुताबिक दिल्ली की एयर क्वालिटी 'बहुत खराब' श्रेणी में है. AQI 301 पर आ चुका है।
घाटी में जारी बर्फबारी
जम्मू कश्मीर में बर्फबारी का दौरा जारी है। यहां कड़ाके की ठंड और शीतलहर से बुरा हाल है। श्रीनगर में डल झील पूरी तरह जम चुकी है। गुलमर्ग में पारा माइनस 11 डिग्री तक गिर चुका है। लद्दाख में तापमान माइनस 20 डिग्री तक पहुंच गया है। मौसम विभाग की चेतावनी है कि अगले 72 घंटों में ठंड और बढ़ेगी।
उत्तराखंड में भी व्हाइट अटैक
उत्तराखंड में आसमान से व्हाइट अटैक लगातार हो रहा है। केदारनाथ धाम तीन फीट तक बर्फ से ढक चुका है। सभी पैदल मार्ग बंद हैं। शीतकाल के लिए 16 नवंबर को बाबा केदार के कपाट बंद होने के बाद से ही लगातार बर्फबारी हो रही है।
इन इलाकों में बारिश का अलर्ट
एक तरफ जहां उत्तर भारत में सर्दी अपने पैर पसार रही है। वहीं दूसरी तरफ दक्षिण भारत के कई इलाकों में बारिश का दौर लगातार जारी है। कोमोरिन क्षेत्र में चक्रवात के प्रभाव से तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे और लक्षद्वीप में अगले 2-3 दिन बारिश होने की संभावना है। यहां मध्य से तेज बारिश के आसार बने हुए हैं।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal
Read The Rest:patrika...
No comments