Breaking News

हीमोग्लोबिन मापने के लिए नहीं निकाला जाएगा खून, पलकों की तस्वीर देखकर पता लगाएगा स्मार्टफोन

नई दिल्ली. हमारे शरीर के लिए हीमोग्लोबिन (Hemoglobin) पर्याप्त मात्रा में होना बेहद जरूरी है। वास्तव में हीमोग्लोबिन (Hemoglobin Mashion) रक्त कोशिकाओं में मौजूद लौह युक्त प्रोटीन है, जो शरीर के कई कार्यों को करने में मदद करता है। इसका मुख्य काम फेफड़ों से ऊतकों तक ऑक्सीजन पहुंचाना है। साथ ही कोशिकाओं से कार्बन डाइऑक्साइड (Carbon dioxide) को वापिस फेफड़ों (lungs) तक लाने का काम भी यही करता है। लेकिन जब शरीर में आयरन (Iron) की कमी होगी तो हीमोग्लोबिन का स्तर भी कम होगा और शरीर को मिलने वाली ऑक्सीजन भी कम होने लगेगी।

इसी स्तर को नापने के लिए शोधकर्ताओं ने एक नई तकनीक विकसित की है जो स्मार्टफोन टूल (Smartphone tool) की मदद से बिना रक्त के नमूने लिए हीमोग्लोबिन के स्तर का माप सकता है। यानी हीमोग्लोबिन मापने के लिए शरीर से रक्त निकालने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यह तकनीक सिर्फ पलकों की तस्वीर देखकर रक्त में मौजूद हीमोग्लोबिन के स्तर का पता लगा सकती है।

हीमोग्लोबिन लाल रक्त कोशिकाओं में मौजूद एक प्रोटीन है जो ऑक्सीजन के संचरण में मदद करता है। ‘ऑप्टिका जर्नल’ में प्रकाशित शोध के अनुसार इस तकनीक की मदद से उन लोगों को जल्दी परिणाम मिल सकेंगे जो हीमोग्लोबिन की कमी या उससे संबंधित बीमारी से पीड़ित हैं।

जानिए, शरीर में हीमोग्लोबिन के स्तर को बनाए रखने के लिए क्या किया जाए...

-चुकंदर से तीन गुना ज्यादा आयरन इसकी पत्तियों में होता है, इसलिए इसकी पत्तियों को फेंकने के स्थान पर किसी ना किसी रूप में अपने आहार में शामिल करें।

-अनार व सेब दोनों ऐसे फल है जो शरीर में हीमोग्लोबिन के स्तर को ठीक करने में मदद करते हैं। इसलिए आप नियम से एक अनार व सेब का सेवन जरूर करें। कुछ ही दिनों में आपको फर्क नजर आएगा।

-शरीर में हीमोग्लोबिन बढ़ाने के लिए सिर्फ आयरन लेना ही काफी नहीं है। बल्कि आप कोशिश करें कि विटामिन सी युक्त चीजों को भी अपने आहार में शामिल करें। दरअसल, विटामिन सी शरीर में आयरन के अवशोषण में मदद करता है। इसलिए अगर आप विटामिन सी युक्त आहार लेते हैं तो आयरन का अवशोषण भी शरीर में बेहतर तरीके से होता है। आप नींबू, टमाटर, आंवला, स्टाबेरी, आदि को अपनी डाइट में शामिल करें।

-विटामिन सी की तरह की विटामिन ए व बीटा−कैरोटीन भी आयरन के अवशोषण में मददगार होते हैं। इसलिए अगर आप चाहते हैं कि आपके द्वारा लिया गया आयरन शरीर में सही तरह से अवशोषित हो तो विटामिन ए और बीटा−कैरोटीन का सेवन करें।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal
Read The Rest:patrika...

No comments