Breaking News

COVID-19: बिहार लौटे प्रवासियों ने बढ़ाई चिंता, दिल्ली से आने वाले 4 में से 1 कोरोना पॉजिटिव

नई दिल्ली। पूरा देश इन दिनों कोरोना वायरस ( coronavirus ) की चपेट में हैं। आलम ये है कि लॉकडाउन ( Lockdown ) के बावजूद कोरोना संक्रमितों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है और एक लाख से ज्यादा मरीजों की संख्या पहुंच गई है। वहीं, लॉकडाउन के कारण प्रवासीय मजदूरों (Migrant Workers ) का लगातार पलायन जारी है। इसी कड़ी में बिहार ( Bihar ) में भी लगातार प्रवासी पहुंच रहे हैं। लेकिन, इन प्रवासियों के कारण चिंता बढ़ गई है। क्योंकि, काफी संख्या में यहां आए लोग कोरोना पॉजिटिव ( COVID-19 ) निकल रहे हैं।

करीब 50 फीसदी मरीज प्रवासी

देश में जब कोरोना संकट शुरू हुआ तो बिहार काफी सुरक्षित था। लेकिन, बीते कुछ दिनों में राज्य की स्थिति काफी बिगड़ गई है और सभी 38 जिले कोरोना वायरस की चपेट में आ चुके हैं। बिहार में कोरोना मरीजों की संख्या 1391 पहुंच गई है। जबकि, 9 लोगों की मौत हुई है। वहीं, 494 लोग इस महामारी से ठीक हो चुके हैं। लेकिन, इन आंकड़ों में करीब 50 फीसदी आंकड़े प्रवासियों के हैं। राज्य स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, सोमवार तक 11, 800 प्रवासियों के कोरोना संक्रमण की जांच की गयी है, इनमें 651 प्रवासी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।

दिल्ली से आए लोग सबसे ज्यादा कोरोना के शिकार

देश के कई राज्यों से प्रवासी बिहार पहुंचे हैं। अब तक सबसे ज्यादा महाराष्ट्र ( Maharashtra ) से प्रवासी बिहार आए हैं। लेकिन, दिल्ली से आने वाले लोगों में सबसे ज्यादा कोरोना के शिकार मिले हैं। दिल्ली ( Delhi ) से आए अब तक 1362 लोगों की कोरोना की जांच हुई है, इनमें 218 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। हालांकि, कुछ के रिपोर्ट अभी जारी नहीं किए गए हैं। इस तरह से दिल्ली से आए 26 प्रतिशत लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, 4 में से 1 लोग कोरोना पॉजिटिव हैं। इस आंकड़े ने राज्य सरकार की चिंता बढ़ा दी है।


आठ हजार से ज्याद प्रवासियों की कोरोना जांच

रिपोर्ट के मुताबिक, अब तक 8337 प्रवासियों की कोरोना जांच की गई है, इनमें आठ फीसदी लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। सबसे ज्यादा महाराष्ट्र से प्रवासी बिहार लौटे हैं। महाराष्ट्र से आए 2034 लोगों में 141 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। वहीं, गुजरात ( Gujarat ) से अब तक 2609 लोग आ चुके हैं, इनमें 139 लोग कोराना संक्रमित हैं। पश्चिम बंगाल ( West Bengal ) से 373 लोग आए हैं, इनमें 33 लोग कोरोना के मरीज हैं। इसके अलावा हरियाणा से आये 630 में से 390 लोग कोरोना के शिकार हैं। मध्य प्रदेश से आए 138 में पांच लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। वहीं, 1011 प्रवासी ऐसे हैं, जिनकी राज्य के बारे में अभी जानकारी नहीं मिली है।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal
Read The Rest:patrika...

No comments