महाराष्ट्र-हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजे आज, कांग्रेस और बीजेपी की साख दांव पर
महाराष्ट्र और हरियाणा में विधानसभा चुनाव के लिए 21 अक्तूबर को हुए मतदान के नतीजे आज घोषित होंगे। दोनों राज्यों में वोटों की गिनती की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। कांग्रेस और बीजेपी दोनों के लिए ये नतीजे महत्वपूर्ण होंगे। दोनों राज्यों में दोनों पार्टियों की साख दांव पर लगी हुई है। भाजपा जहां दोनों राज्यों में सत्ता वापसी चाहती है, वहीं कांग्रेस पर लोकसभा चुनाव में हुई हार के बाद अच्छा प्रदर्शन करने का दबाव है। बता दें, दोनों राज्यों में 2014 को हुए विधान सभा चुनाव में हरियाणा में बहुतमत के साथ बीजेपी ने मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व में सरकार बनाई थी। जबकि महाराष्ट्र में अपनी सहयोगी शिवसेना के साथ मिलकर।
बता दें, हरियाणा विधानसभा का वर्तमान कार्यकाल 2 नवंबर 2019 को समाप्त हो रहा है, जबकि महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 9 नवंबर 2019 को खत्म होगा।
51 विस और 2 लोकसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे भी आज
आज इन दोनों राज्यों के नतीजों के साथ 17 राज्यों की 51 सीटों पर हुए उपचुनावों के नतीजों का भी ऐलान होगा। साथ ही सतारा और समस्तीपुर लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजे भी आज ही घोषित किए जाएंगे।
सुबह 8 बजे से शुरू होगी गिनती
चुनाव अधिकारियों के अनुसार- वोटों की गिनती सुबह आठ बजे शुरू होगी। महाराष्ट्र में मतगणना ड्यूटी के लिए करीब 25,000 कर्मियों को तैनात किया गया है। पुलिस प्रशासन की ओर से भी शांति बनाए रखने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि 288 विधानसभा क्षेत्रों के लिए राज्य के 269 स्थानों पर मतगणना होगी। वहीं हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों में प्रत्येक में एक मतगणना केंद्र बनाया गया है। गुड़गांव के बादशाहपुर खंड़ में एक अतिरिक्त केंद्र बनाया गया है, जिनमें बड़ी संख्या में मतदान केंद्र थे।
धारा 370 हटाने के बाद पहला चुनाव
केंद्र सरकार की ओर से कश्मीर से धारा 370 हटाए जाने के निर्णय बाद यह देश में पहला चुनाव है। यदि नतीजे बीजेपी के पक्ष में आए, तो अगले महीने से शुरू हो रहे शीतकालीन सत्र में इसका असर देखने को मिलेगा।
बीजेपी की वापसी के बाद पहली परीक्षा
केंद्र में मई में पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने लगातार दूसरी बार बहुमत के साथ वापसी की थी। हरियाणा और महाराष्ट्र में इन नतीजों को एक तरह से भाजपा की पहली परीक्षा के तौर पर भी देखा जा रहा है। अगर इन राज्यों में बीजेपी को बहुमत मिलता है, तो इस बात पर मुहर लग जाएगी कि देश अब भी पीएम नरेंद्र मोदी के पक्ष में लहर है। वहीं ये नतीजे कांग्रेस के लिए भी महत्वपूर्ण होंगे। दोनों राज्यों में नतीजे कांग्रेस के पक्ष में आए, तो ये कांग्रेस में फिर से जान फूंकने जैसे होंगे।
क्षेत्रीय दलों के लिए भी बड़ी चुनौती
महाराष्ट्र में यह चुनाव राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी, महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना, एआईएमआईएम और वंचित बहुजन अगाड़ी जैसे क्षेत्रीय दलों के लिए भी महत्वपूर्ण है। वहीं हरियाणा में इंडियन नैशनल लोकदल, जननायक जनता पार्टी के लिए इस चुनाव के नतीजे महत्वपूर्ण होंगे।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal
Read The Rest:patrika...
No comments