Breaking News

आज लोकसभा में पेश होगा जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन बिल, घाटी जाएंगे NSA डोभाल

नई दिल्ली। मोदी सरकार 2.0 ने जम्मू-कश्मीर को लेकर ऐतिहासिक फैसला लिया है। सोमवार को राज्यसभा से जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन बिल को पास कराया गया। सरकार के इस फैसले से जम्मू-कश्मीर अब केंद्र शासित राज्य बन गया है। इस बिल को आज लोकसभा में पेश किया जाएगा। लोकसभा से बिल पास होने के बाद यह प्रस्ताव लागू हो जाएगा।

पढ़ें- राज्यसभा में गरजे अमित शाह, पांच साल दे दो कश्मीर बदल देंगे

लोकसभा में सरकार के पास पूर्ण बहुमत है, ऐसे में निचले सदन से इस बिल को पास कराने में सरकार को कोई दिक्कत नहीं होगी। इस बिल को लेकर बीजेपी ने अपने सभी सांसदों को व्हिप जारी कर सदन में उपस्थित रहने के लिए कहा है। वहीं, कांग्रेस ने भी व्हिप जारी कर लोकसभा में सभी सांसदों को उपस्थित रहने के लिए कहा है। गौरतलब है कि राज्यसभा में इस बिल को लेकर पूरा विपक्ष अलग-थलग नजर आया।

 

file photo

कांग्रेस ने किया बिल का विरोध

राज्यसभा में कांग्रेस ने जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन बिल का जमकर विरोध किया। कांग्रेस नेता गुलाम नबी आज़ाद ने केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि जिस तरह से इस बिल को लागू किया जा रहा है वह लोकतंत्र के इतिहास का काला दिन है। पीडीपी के सांसदों ने संविधान तक फाड़ डाले और मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लेकिन, सरकार राज्यसभा से इस बिल को पास कराने में कामयाब रही। इस बिल के पक्ष में 125 वोट पड़े जबकि विरोध में 61 सदस्यों ने वोटिंग की।

बसपा, बीजेडी, AIADMK, YSR कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने इस बिल का समर्थन किया है। वहीं, बीजेपी के सहयोगी दल जेडीयू ने जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन बिल का विरोध किया है।

पढ़ें- आर्टिकल 370 हटाने के बाद हिरासत में महबूबा मुफ्ती और उमर अब्दुल्ला

 

file photo

आज कश्मीर जाएंगे अजीत डोभाल

जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटने के बाद सियासत गर्म है। घाटी में किसी तरह का प्रदर्शन ना हो और कोई दिक्कत सामने ना आए इसके लिए काफी संख्या में सुरक्षाबल तैनात किए गए हैं। वहीं, NSA अजित डोभाल भी राज्य के हालात का जायजा लेने के लिए आज श्रीनगर जाएंगे। घाटी में अभी भी हजारों की संख्या में सुरक्षाबल तैनात हैं और अगले आदेश तक वहां ही रहेंगे। इधर, सोमवार शाम को पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती और एनसी नेता उमर अब्दुल्ला को हिरासत में ले लिया गया है।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal
Read The Rest:patrika...

No comments