Breaking News

CWC की बैठक आज, राहुल गांधी के विकल्प पर फैसला संभव

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव में करारी शिकस्त मिलने के बाद राहुल गांधी ने कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। करीब तीन महीने बीत चुके हैं लेकिन पार्टी अब तक अपने नए नेता का चुनाव नहीं कर सकी है। ऐसे में उम्मीद है कि आज कांग्रेस वर्किंग कमेटी ( CWC ) की होने वाली बैठक में नए नेता के नाम का ऐलान किया जाए।

जानकारी के मुताबिक, दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में आज कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक होने जा रही है। इस बैठक में अगले अध्यक्ष के नाम पर व्यापक विचार-विमर्श होगा और चयन के लिए कोई व्यवस्था बनाई जाएगी। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो इस बैठक से ठीक एक दिन पहले यानी शुक्रवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी से मुलाकात की।

इस मुलाकात में कई नामों पर चर्चा भी हुई। बताया जा रहा है कि पार्टी के नए अध्यक्ष को लेकर मुकुल वासनिक, मल्लिकार्जुन खड़गे, अशोक गहलोत, सुशील कुमार शिंदे सहित कई वरिष्ठ नेताओं के नामों की चर्चा है। हालांकि, इस रेस में सबसे आगे मुकुल वासनिक चल रहे हैं।

 

file photo

गांधी परिवार से नहीं होगा अगला अध्यक्ष- राहुल गांधी

गौरतलब है कि राहुल गांधी ने पार्टी हाईकमान से साफ कहा है कि जल्द से जल्द नए अध्यक्ष की तलाश करें। हालांकि, उन्हें मनाने की काफी कोशिश की गई लेकिन उन्होंने साफ इनकार कर दिया।

इतना ही नहीं राहुल गांधी ने यहां तक कहा कि कांग्रेस का अगला अध्यक्ष गांधी परिवार से नहीं होगा। अपने इस्तीफे की घोषणा करते हुए राहुल ने यह भी कहा था कि कांग्रेस अध्यक्ष नहीं रहते हुए भी वह पार्टी के लिए सक्रियता से काम करते रहेंगे। राहुल के समर्थन में कई नेताओं ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।

 

file photo

प्रियंका गांधी को अध्यक्ष बनाने की मांग

कांग्रेस पार्टी के कुछ नेताओं ने प्रियंका गांधी को कांग्रेस का अगला अध्यक्ष बनाने की मांग की थी। नेताओं का कहना था कि प्रियंका गांधी बेहतर विकल्प बन सकती हैं।

बीजेपी से कांग्रेस में शामिल हुए शत्रुघ्न सिन्हा ने भी प्रियंका गांधी के नाम का समर्थन किया था। हालांकि, पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने किसी युवा को कांग्रेस अध्यक्ष बनाने की मांग की थी। अब देखना यह है कि आज होने वाली इस बैठक में क्या निर्णय लिया जाता है।

 



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal
Read The Rest:patrika...

No comments