उत्तर भारत में अब भी मानसून का इंतजार, दिल्ली- NCR में बारिश की संभावना

नई दिल्ली। Weather Update: उत्तर भारत में अब भी गर्मी का सितम जारी है। हालांकि, कुछ इलाकों में छिटपुट बारिश हुई है और कुछ क्षेत्रों मानसून ( monsoon ) ने दस्तक भी दे दी है। लेकिन, मौसम विभाग का कहना है कि अभी अच्छी बारिश के लिए और इंतजार करना होगा। वहीं, दिल्ली-एनसीआर में आज बारिश होने की संभावना जताई गई है।
12 सालों में मानसून के लिए सबसे लंबा इंतजार
बीते चार दिनों में मानसून ने भले ही रफ्तार पकड़ी हो, लेकिन पिछले 12 सालों में इस साल मानसून के लिए सबसे लंबा इंतजार करना पड़ा है। 19 जून से मानसून ने तेज रफ्तार पकड़ी है और अब यह उत्तर भारत की ओर तेजी से बढ़ रहा है। बिहार, झारखंड के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में मानसून ने दस्तक दे दी है। इसके कारण कुछ इलाकों में छिटपुट बारिश हुई है। अगले 24 घंटे में मानसून के लखनऊ पहुंचने की उम्मीद है।

अब तक मुंबई नहीं पहुंचा मानसून
मौसम विभाग का कहना है कि पिछले बुधवार को बंगाल की खाड़ी पर बने दबाव से मानसून का तेजी से आगे बढ़ने का क्रम शुरू हुआ है। विगत चार दिनों में मानसून करीबन 700 किलोमीटर के क्षेत्र तक पहुंच गया है। हालांकि, जिस मानसून को 10 जून तक मुंबई पहुंच जाना चाहिए था वहां अब तक नहीं पहुंचा। बल्कि, उससे पहले मानसून वाराणसी पहुंच चुका है।

मानसून में 43 फीसदी की कमी
विभाग का कहना है कि अगले 48 घंटे में मानसून के दक्षिण गुजरात और पूर्वी उत्तर प्रदेश में पहुंचने की संभावना है। इस साल मानसून में फिलहाल 43 फीसदी की कमी रही है। मध्य भारत पर इसका सबसे ज्यादा असर पड़ा है, जहां बारिश औसत से 54 फीसदी कम रही है। लेकिन अब मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में राज्यों में मानसून को लेकर उम्मीद जताई है।

दिल्ली में जुलाई के दूसरे सफ्ताह में मानसून देगा दस्तक
दिल्ली- NCR के लोगों को मानसून के लिए अभी और इंतजार करना होगा। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में जुलाई के दूसरे हफ्ते में मानसून दस्तक देगा। पहले उम्मीद की जा रही थी कि मानसून दिल्ली तक जुलाई के पहले सप्ताह तक पहुंच जाएगा। हालांकि, विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में बारिश होने की संभावना जताई है। कहा यह भी जा रहा है कि पानी की कमी से जूझ रही दिल्ली के लिए मानसून में कमी से जल संकट पैदा हो सकता है।
इन इलाकों में दूर हो सकता है जल संकट
मानसून के देरी से पहुंचने के बावजूद इस हफ्ते सूखे से जूझ रहे इलाकों में अच्छी बारिश हो सकती है। मध्य भारत और दक्षिण भारत में मानसून आने के कारण जल संकट दूर हो सकता है। साथ ही बिहार में चमकी बुखार पर भी नियंत्रण में भी कुछ राहत मिलेगी।
स्काइमेट वेदर के महेश पालावत का कहना है कि जम्मू-कश्मीर के ऊपर छाए पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली NCR में 24 और 25 जून को आंधी के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal
Read The Rest:patrika...
No comments