इटैलियन ओपन टेनिस राउंडअप : जोकोविक, मुरुगजा समेत ये खिलाड़ी पहुंचे तीसरे दौर में
रोम : मैड्रिड ओपन का खिताब जीतकर इटैलियन ओपन में उतरे विश्व रैंकिंग नंबर वन सर्बिया के नोवाक जोकोविक के शानदार प्रदर्शन का सिलसिला बरकरार है। उन्होंने पुरुष एकल वर्ग में दूसरे दौर का मैच जीतकर तीसरे दौर में जगह बना ली है। उनके साथ-साथ ग्रीस के युवा खिलाड़ी स्टेफानो सितसिपास और नोर्वे के कास्पर राउड ने भी टूर्नामेंट के तीसरे दौर में अपनी जगह सुरक्षित कर ली है। वहीं महिला एकल वर्ग में ब्रिटेन की महिला टेनिस खिलाड़ी योहाना कोंटा और स्पेन की गार्बिने मुगुरुजा भी तीसरे दौर में पहुंच गई हैं।
जोकोविक, सितसिपास और राउड को मिली जीत
जोकोविक ने पुरुष एकल वर्ग के दूसरे दौर के मैच में कनाडा के डेनिस शापोवालोव को सीधे दो सेटों में 6-1, 6-3 से मात देकर तीसरे दौर में प्रवेश किया। अब तीसरे दौर में उनका मुकाबला जर्मनी के फिलिप कोलश्राइबर और इटली के मार्को चेचेहिनाटो के बीच दूसरे दौर के मैच के विजेता से होगा।
वहीं सितसिपास ने दूसरे दौर के मैच में इटली के जेनिक सिनर को मात दे तीसरे दौर में प्रवेश किया। उन्होंने इटली के खिलाड़ी को 6-3, 6-2 से परास्त किया।
इसके अलावा दूसरे दौर के एक और मैच में आस्ट्रेलिया के निक किर्जियोस ने वर्ल्ड नंबर-71 नोर्वे के कास्पर राउड के खिलाफ चोटिल हो जाने के कारण मुकाबला छोड़ दिया। जब मैच रुका, तब स्कोर राउड के पक्ष में 6-3, 7-6 (5), 2-1 था।
कोंटा और मुगुरुजा भी जीतीं
विश्व नंबर-42 ग्रेट ब्रिटेन की महिला टेनिस खिलाड़ी योहाना कोंटा ने एक उलटफेर वाले मुकाबले में विश्व नंबर-8 स्लोने स्टीफंस को मात देकर इटली ओपन के तीसरे दौर में जगह बना ली। उन्होंने स्टीफंस को तीन सेटों तक चले महिला एकल वर्ग के कड़े मुकाबले में 6-7 (3), 6-4, 6-1 से मात दी। अब उनका अगला मुकाबला अमरीका की सेरेना विलियम्स और वीनस विलियम्स के बीच होने वाले दूसरे दौर के मुकाबले की विजेता से होगा।
आज खेले गए एक और मुकाबले में स्पेन की गार्बिने मुगुरुजा ने अमरीका की डेनिले कोलिंस को 6-4, 4-6, 6-2 से मात दे तीसरे दौर में जगह बनाई। तीसरे दौर में उनका मुकाबला बेलारूस की विक्टोरिया अजारेंका से होगा।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal
Read The Rest:patrika...
No comments